ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 12, 2025 05:15 PM IST
  • Updated: December 12, 2025 05:15 PM IST
उत्तराखंड

“सीएम धामी का बड़ा बयान: देवभूमि में मुल्लावादी प्रवृत्तियों को नहीं होने देंगे हावी”

देवभूमि में नहीं पनपने देंगे मुल्लावादी प्रवृत्ति: भीमताल में विकास योजनाओं का लोकार्पण करते हुए बोले सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में किसी भी दशा में मुल्लावादी प्रवृत्ति को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद के खिलाफ सख्त कानून लागू कर चुकी है और इनके विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सीएम धामी शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र भीमताल में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दंगा रोधी कानून पूरी शक्ति के साथ लागू किया जा रहा है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा प्रकरण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान दंगा करने वालों पर ऐसी सख्त कार्रवाई की गई कि अब कोई भी सरकारी जमीन पर कब्जा करने से पहले सौ बार सोचेगा।

धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते विशेष समुदाय को सरकारी जमीनों पर बसाया, जिसके दुष्परिणाम राज्य को झेलने पड़े। उन्होंने कहा कि जंगलों के बीच अवैध रूप से बनी धार्मिक संरचनाओं को गिराने की प्रक्रिया जारी है।

विकास को नई गति दे रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित नैनीताल जनपद में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि देवभूमि को देश-विदेश की आध्यात्मिक राजधानी बनाने का लक्ष्य लेकर सभी पौराणिक मंदिरों के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से चल रहे हैं।

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय पहचान

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में पलायन रोकने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है, और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे स्थानीय उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान बना रहे हैं, जिसके चलते कई मल्टीनेशनल कंपनियां भी इन उत्पादों को खरीदने में रुचि दिखा रही हैं।

कार्यक्रम में भारी भीड़, गर्मजोशी से स्वागत

इस मौके पर विधायक राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा धरमवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों व पुष्पवृष्टि के साथ मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत किया।
सीएम धामी ने शिलापट्ट पर स्वस्तिक चिन्ह अंकित कर जनता को नई परियोजनाओं की सौगात दी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×