ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 18, 2026 05:08 PM IST
  • Updated: February 18, 2026 05:09 PM IST
उत्तराखंड

'हारे के सहारे' के दर पर झुकाया शीश: विकासनगर में खाटू श्याम धाम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी; बोले- बाबा की कृपा से ही संभव है जनसेवा!

विकासनगर (देहरादून)। 'हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे' के नारों और भक्तिमय भजनों के बीच बुधवार को विकासनगर स्थित श्री खाटू श्याम धाम का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दिव्य अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और बाबा श्याम की चौखट पर माथा टेक कर आशीर्वाद लिया।

बाबा हर हृदय में विराजमान: मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं की अपार भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। वे न केवल आस्था के आराध्य हैं, बल्कि हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले सहारा भी हैं। सीएम ने भावुक होते हुए कहा, "जो भी सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, बाबा उसकी झोली खुशियों से भर देते हैं। आज यहाँ उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं।"

समर्पण ही सफलता की कुंजी मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं और श्रद्धालुओं को जीवन का मंत्र देते हुए कहा कि आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ-साथ समर्पण (Dedication) का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, "यदि हम किसी भी कार्य को भगवान को समर्पित भाव से करेंगे, तो सफलता निश्चित है। हमारे जीवन का हर उतार-चढ़ाव ईश्वरीय कृपा का ही हिस्सा है।"

उत्तराखंड के दशक का संकल्प पीएम नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा केदार की भूमि से प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को 'उत्तराखंड का दशक' बताया था। राज्य सरकार इसी संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रही है। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि वे मुख्य सेवक के रूप में हमेशा उनके स्नेह और विश्वास को बनाए रखेंगे।

ये गणमान्य रहे उपस्थित समारोह के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे।

 विकासनगर में निर्मित यह भव्य धाम अब श्रद्धालुओं की आस्था का नया केंद्र बनेगा। प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×