ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 18, 2026 05:01 PM IST
  • Updated: February 18, 2026 05:03 PM IST
उत्तराखंड

पदक लाओ, नौकरी पाओ: मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को दिया 4% आरक्षण का तोहफा; दून बना चैम्पियन, धामी बोले- अब 'खेलभूमि' है उत्तराखंड!

देहरादून। राजधानी के ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में बुधवार को जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी हवा में लहराई, तो पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। मुख्यमंत्री ने इस मंच से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के सुनहरे भविष्य की इबारत लिखते हुए घोषणा की कि अब खेल महाकुंभ और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।

देहरादून बना सिरमौर, ईनामों की बौछार मुख्यमंत्री ने विजेता देहरादून जनपद की टीम को चैम्पियनशिप ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। उन्होंने बताया कि इस पूरे आयोजन में 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। सीएम ने कहा, "यह समापन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। हमारा लक्ष्य गाँव-गाँव की प्रतिभाओं को विश्व पटल पर लाना है।"

स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान: 8 शहरों में 23 खेल अकादमियाँ मुख्यमंत्री ने राज्य को खेल हब बनाने का खाका पेश करते हुए कहा कि सरकार 'स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान' पर काम कर रही है। इसके तहत प्रदेश के 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी। साथ ही, हल्द्वानी में प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाई जा रही है, जहाँ खिलाड़ियों को आधुनिक कोचिंग और खेल विज्ञान की सुविधा मिलेगी।

1.62 लाख खिलाड़ियों ने दिखाया दम: रेखा आर्या खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवंबर 2025 को न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुए इस महाकुंभ में 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने 26 स्पर्धाओं में अपना कौशल दिखाया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आगामी राष्ट्रीय खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के संभावित ओलंपिक के लिए हमारी पौध तैयार कर रहा है।

38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता का जिक्र सीएम ने हाल ही में संपन्न हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता को दोहराते हुए कहा कि उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर देश में 7वाँ स्थान हासिल किया, जो हमारे बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों की मेहनत का प्रमाण है। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खेल सचिव अमित सिन्हा और जिलाधिकारी सविन बंसल समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×