ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 31, 2026 05:42 PM IST
  • Updated: March 31, 2026 05:42 PM IST
उत्तराखंड

चम्पावत साइंस सेंटर का CM धामी ने किया निरीक्षण, बोले—नवाचार और वैज्ञानिक शिक्षा का बनेगा हब

चम्पावत के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगभग ₹55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों और चार मंजिला साइंस कैंपस की सुविधाओं को देखा। इस कैंपस में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यह केंद्र आवासीय वैज्ञानिक शिक्षण का भी महत्वपूर्ण संस्थान बनेगा।

इस अवसर पर डॉ. दुर्गेश पंत (महानिदेशक, यूकॉस्ट) ने जानकारी दी कि दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक में “फन साइंस गैलरी”, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके अलावा परिसर में 120 क्षमता का ऑडिटोरियम, 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (तारामंडल) और स्टाफ के लिए कॉन्फ्रेंस एवं डेवलपमेंट हॉल जैसी सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और नन्हे वैज्ञानिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि विज्ञान के बिना विकास की कल्पना अधूरी है और इस केंद्र के माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक तकनीकों और खगोल विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, साथ ही पर्यावरणीय मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

इस दौरान आनंद सिंह अधिकारी, श्याम नारायण पांडे, गोविंद सिंह सामंत, निर्मल मेहरा, प्रेमा पांडे, अंचला बोहरा, मनीष कुमार और रेखा यादव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×