ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 31, 2026 05:39 PM IST
  • Updated: March 31, 2026 05:39 PM IST
उत्तराखंड

चम्पावत में 36.83 करोड़ की 17 योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, CM धामी ने फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा

चम्पावत में विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 36.83 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें ₹7.12 करोड़ की 4 योजनाओं का लोकार्पण और ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से जिले के अंतिम छोर तक विकास पहुंचेगा और चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प और मजबूत होगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण भी किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो हर नागरिक में राष्ट्रसेवा का भाव जागृत करता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। साथ ही ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अब बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

शिक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक विषयों से जोड़ेगा और उन्हें वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। वहीं शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

खेल क्षेत्र में भी बड़ी पहल करते हुए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है, जो बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देगा। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट निर्माण और बुजुर्गों के लिए ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम का निर्माण भी जारी है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया और कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×