ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 31, 2026 05:34 PM IST
  • Updated: March 31, 2026 05:36 PM IST
उत्तराखंड

सीएम धामी की चम्पावत को सौगात: “आदर्श जनपद” बनाने को कई बड़ी घोषणाएं

उत्तराखंड के चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से चम्पावत में बहुआयामी विकास योजनाएं शुरू की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले में बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए टाइप-3/4 आवासीय परिसर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय भवन, डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालन (मौन पालन) के प्रशिक्षण के लिए ₹2 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

सड़क और पेयजल योजनाओं के तहत मोनपोखरी से नीड तक 2 किमी सड़क का डामरीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किमी मोटर मार्ग/पुल निर्माण, 50 हैंडपंपों की स्थापना और 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक टाइल्स मार्गों का निर्माण और ग्राम शक्तिपुरबूंगा में सोलर लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।

पर्यटन और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ब्यानधूरा बाबा मंदिर सहित मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, नागनाथ मंदिर के पास रामलीला मंच का निर्माण और अन्य धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके अलावा ढकना-बडोला से सेरोला, बनलेख से हिंगला देवी मंदिर और ग्राम सभा नघान से डोडेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण की योजनाएं भी शामिल हैं।

कृषि क्षेत्र में किसानों की सुरक्षा और आय बढ़ाने के लिए ₹5 करोड़ की सामूहिक घेराबाड़ योजना लागू की जाएगी, जिससे जंगली जानवरों से फसलों की रक्षा हो सके। साथ ही खेल और शिक्षा के क्षेत्र में भी खर्ककार्की में खेल मैदान का विकास और पूर्वांचल एग्रो संस्कृत विद्यालय के पुनरोद्धार की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द लाभ मिल सके। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×