ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 11, 2025 11:23 AM IST
राज्य

“मुख्यमंत्री धामी ने ‘मेरी योजना’ पुस्तकों पर आयोजित विचार गोष्ठी में भाग लिया”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग, उत्तराखंड द्वारा तैयार की गई मेरी योजना’ पुस्तकों पर आयोजित विचार गोष्ठी में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘मेरी योजना पोर्टल उत्तराखंड’ (myscheme.gov.in) का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मेरी योजना’, ‘मेरी योजना–राज्य सरकार’ और ‘मेरी योजना–केंद्र सरकार’—इन तीनों संस्करणों के माध्यम से राज्य का प्रत्येक नागरिक केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकता है। इन पुस्तकों का उद्देश्य लाभार्थियों को योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी देना है, जिसमें आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज़ और पात्रता से जुड़ी जानकारी भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनकेंद्रित नीतियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आज योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। राज्य सरकार भी ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ जनता की समस्याओं के समाधान पर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी सहित कई क्षेत्रों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘फार्म मशीनरी बैंक’, ‘एप्पल मिशन’, ‘नई पर्यटन नीति’, ‘नई फिल्म नीति’, ‘होमस्टे’, ‘वेड इन उत्तराखंड’ और ‘सौर स्वरोजगार योजना’ जैसी पहलें स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने अपील की कि विभिन्न कार्यक्रमों में दिए जाने वाले स्मृति चिन्ह राज्य में निर्मित उत्पादों के ही हों, जिससे स्थानीय कारीगरों, महिला समूहों और हस्तशिल्पियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह एकीकृत पोर्टल पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो अंत्योदय की भावना को साकार करता है।
कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य योजनाओं और सेवाओं को सरल और सुलभ तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाना है। ‘मेरी योजना’ के तीनों संस्करण इसी दिशा में बड़ा कदम हैं।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×