देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सोमवार को भारतीय वायुसेना (IAF) के एक सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट को तकनीकी खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। पायलट की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, यह फाइटर जेट बरेली एयरबेस से उड़ान भरने के बाद नियमित मिशन पर था। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन से तेल का रिसाव (Oil Leakage) शुरू हो गया। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग का निर्णय लिया।
पायलट ने पूरी सावधानी बरतते हुए सुखोई-30 एमकेआई को देहरादून एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान को टर्मिनल से कुछ दूरी पर वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बरेली एयरबेस से तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम देहरादून पहुंची। टीम ने तकनीकी जांच और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल फाइटर जेट को ग्राउंड कर निरीक्षण किया जा रहा है।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि “फाइटर जेट में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान पूरी तरह सुरक्षित है और मरम्मत कार्य जारी है।”
बताया जा रहा है कि यह पहला अवसर है जब किसी तकनीकी कारण से सुखोई फाइटर जेट की जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik