मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में घुसपैठियों की मौजूदगी है और उनकी सरकार इन्हें पहचानने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। सीएम धामी यह जानकारी अपने नैनीताल दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दी।
मुख्यमंत्री बुधवार शाम को दो दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचे थे। उन्होंने देर शाम मुख्य न्यायाधीश जी. नरेन्द्र से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री ने शहर का भ्रमण किया और लोगों से बातचीत की।
सीएम धामी ने बिहार चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि जहां-जहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, वहां भाजपा या राजग की सरकार बन रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल लंबे समय से तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति कर रहे हैं और चुनाव के लिए झूठी कहानी गढ़ रहे हैं। जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और विकास के मॉडल पर मुहर लगा रही है।
सीएम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सहमति देते हुए बताया कि उत्तराखंड में घुसपैठियों की संख्या बढ़ रही है और यह प्रदेश की डेमोग्राफी के लिए खतरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों ने आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य दस्तावेज भी बनवा लिए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दस साल के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और सभी जिलों में निर्देश दे दिए गए हैं। सीएम ने कहा कि सरकार गंभीर है और इसी वजह से अब तक 10,000 एकड़ भूमि अतिक्रमणकारियों से खाली करवाई जा चुकी है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik