ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 09, 2026 12:50 PM IST
अपराध

मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप,यात्रियों ने दो स्थानीय युवकों से मारपीट कर घायल किया,तीन हिरासत में

रुद्रप्रयाग। जनपद बुधवार देर शाम ओवरटेकिंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए छह सिख यात्रियों ने दो स्थानीय युवकों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव एवं आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित यात्रियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए। इस मामले की जांच जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे सुमेरपुर क्षेत्र में रेलवे निर्माण कार्य में कार्यरत दो स्थानीय युवक ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए पंजाब के यात्रियों से उनकी ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और छह यात्रियों ने दोनों स्थानीय युवकों पर हमला कर दिया। बताया गया कि हमलावरों ने हाथों में पहने लोहे के कड़ों से उनके चेहरे पर वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
 घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित वहां से भागने लगे। घायल युवकों ने उनका पीछा किया और जानकारी मिलने पर तिलनी स्थित एक होटल में उन्हें घेर लिया। इस बीच स्थानीय लोगों को भी घटना की सूचना दे दी गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीन आरोपित फरार हो चुके थे, जबकि तीन को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस सभी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां घायलों एवं हिरासत में लिए गए यात्रियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
 घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। घायल हिमांशु भंडारी एवं धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि वे रेलवे निर्माण कंपनी में कार्यरत हैं। ड्यूटी समाप्त कर लौटते समय ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद छह यात्रियों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने हाथों में पहने कड़ों से उनके चेहरे पर वार किए और घटना के बाद फरार हो गए। पीछा करने पर पता चला कि वे तिलनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों की सहायता से तीन आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि मारपीट की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। हिरासत में लिए गए तीन यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर की जाएगी। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×