घर से ट्यूशन के बहाने निकली 16 साल की नाबालिग दोस्त से मिलने अलीगढ़ पहुंच गई। इसके बाद जब मां की याद आई तो उसने अपहरण की कहानी गढ़ दी। अलीगढ़ से ही नाबालिग ने मोबाइल से इमरजेंसी कॉल कर पुलिस को बुला लिया और बताया कि उसका कोई अपहरण कर वहां ले आया है।
हल्द्वानी क्षेत्र की एक किशोरी 20 नवंबर की सुबह ट्यूशन जाने के बहाने घर से निकली। जब शाम तक किशोरी का फोन नहीं लगा और वह घर नहीं पहुंची तो अनहोनी की आशंका से मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करवाई। इधर, अलीगढ़ पुलिस ने जिले की पुलिस से संपर्क कर किशोरी को हल्द्वानी पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी में किशोरी को बाल कल्याण समिति (CWC) में पेश किया गया। काउंसलिंग के दौरान किशोरी ने अपने अपहरण की कहानी बताई। फिर जब दोबारा किशोरी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि इंस्टाग्राम पर अलीगढ़ के एक किशोर से उसकी दोस्ती हुई थी, जिसके बाद वह 20 नवंबर को उससे मिलने अलीगढ़ पहुंच गई थी, जहां दोनों साथ रहे। अगले दिन घर की याद आने पर उसने पुलिस से अपहरण की झूठी जानकारी दी।
किशोरी के पिता नहीं हैं और वह अपनी मां के साथ ही रहती है। जिस युवक से मिलने वह गई थी, वह भी नाबालिग है। किशोरी को अब जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हल्द्वानी की किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik