ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 20, 2025 12:11 PM IST
उत्तराखंड

किच्छा में लगेंगे 12 नए उद्योग, क्षेत्र में खुलेगी विकास की नई संभावनाएँ

किच्छा। खुरपिया फार्म में 1,002 एकड़ भूमि पर विकसित की जाने वाली औद्योगिक स्मार्ट सिटी परियोजना की प्रगति को गति देने के लिए उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने बुधवार को सिडकुल के महाप्रबंधक सौरभ गहरवार के साथ विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थल पर बुनियादी ढांचे के विकास की रूपरेखा पर गहन चर्चा की।

इसके बाद उन्होंने पराग फार्म में 1,354 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित सिडकुल विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। पंतनगर स्थित सिडकुल परिसर में उद्योग सचिव ने उद्यमियों से मुलाकात कर उद्योगों से संबंधित मुद्दों और आवश्यकताओं पर संवाद किया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, सिडकुल पंतनगर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष बिष्ट और किच्छा के एसडीएम गौरव पांडे भी मौजूद रहे।

सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल यह औद्योगिक स्मार्ट सिटी, अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत विकसित की जा रही है। लगभग 28,602 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली इस परियोजना में कुल 12 औद्योगिक परियोजनाएँ प्रस्तावित हैं। इसके लागू होने से किच्छा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने तथा निवेश आकर्षित करने के लिए कई प्रोत्साहन योजनाओं और सुविधाओं की घोषणा की है। किच्छा को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सड़क, रेल और हवाई संपर्क सहित बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है।

सिडकुल के क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष बिष्ट ने कहा कि बुनियादी ढांचा मजबूत होने के बाद किच्छा उत्तराखंड का एक प्रमुख औद्योगिक हब बनकर उभरेगा।

 

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×