गृह मंत्रालय, भारत सरकार की “युवा आपदा मित्र योजना” के अंतर्गत, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग, उत्तराखंड शासन, जिलाधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में आयोजित ‘युवा आपदा मित्र – आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आज 08 दिसंबर 2025 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 02 दिसंबर 2025 से 08 दिसंबर 2025 तक 11वीं एनसीसी बटालियन, देहरादून के 50 एनसीसी कैडेट्स की सहभागिता के साथ ओल्ड बुचड़ी, गढ़ीकैंट, देहरादून में संचालित रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा की स्थिति में प्रथम प्रतिक्रिया (First Responder) देने हेतु विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन समारोह में मेजर जनरल रोहन आनंद, सेवा मेडल, एडीजी, एनसीसी निदेशालय, उत्तराखंड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षित कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा—
“युवा आपदा मित्र हमारे राष्ट्र की सुरक्षा और मानव सेवा के वास्तविक अग्रदूत हैं। संकट की घड़ी में आपका त्वरित निर्णय और साहस अनेक अनमोल जीवन बचा सकता है। अनुशासन, परिश्रम और निस्वार्थ सेवा आपके व्यक्तित्व के आधार स्तम्भ हैं—देश को आप पर पूर्ण विश्वास है।”
उनके प्रेरक संबोधन से कैडेट्स में विशेष उत्साह और सेवा भावना का संचार हुआ।
आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 एवं संस्थागत ढांचा
भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ एवं त्वरित बाढ़ से निपटने की तकनीक
प्राथमिक उपचार, घायल प्रबंधन एवं CPR
खोज एवं बचाव कार्य — रस्सी तकनीक, स्ट्रेचर निर्माण
जंगल की आग एवं शहरी आग प्रबंधन
संचार प्रबंधन एवं चेतावनी तंत्र
भारी वस्तुओं के सुरक्षित स्थानांतरण की विधियाँ
इस कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर राजू शाही (जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून), सुशील सिंह कैंतुरा एवं किशन राजगुरु (युवा आपदा मित्र) द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि इन 50 प्रशिक्षित युवा आपदा मित्रों के सहयोग से जनपद में आपदा प्रबंधन तंत्र और अधिक सशक्त व प्रभावी होगा। ये युवा आपदा मित्र संकट के समय स्थानीय समुदाय एवं प्रशासन को त्वरित राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
समापन अवसर पर एनसीसी की ओर से कर्नल आदित्य जॉन पॉल, मेजर शशि मेहता, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह, सूबेदार मेजर जिया लाल, ऑनरी कैप्टन कृष्ण तड़ियाल, हवलदार राकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु गृह मंत्रालय एवं उत्तराखंड शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik