नैनीताल। शनिवार सुबह जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में मनचलों द्वारा छात्राओं से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने गांव की युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़खानी की। युवतियों ने मनचलों की हरकतों का विरोध करते हुए दोनों युवकों को बीच सड़क पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की जमकर धुनाई की। बताया जा रहा है कि युवकों का मुंह काला कर उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई। स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह गांव की कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं. पहले युवतियों ने उनकी हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवकों की अभद्रता बढ़ गई, तो उन्होंने साहस दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और युवकों की पिटाई कर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। यदि शिकायत दर्ज होती है, तो जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि गांव में इस तरह की घटना को देखकर स्थानीय ग्रामीणों का भी पारा चढ़ गया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। पता लगा रही है कि युवक कहां के रहने वाले हैं और गांव में क्यों आए थे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik