देहरादून स्थित राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में उत्तराखंड आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा स्ट्रक्चरल इंजीनियरों के एम्पैनलमेंट को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की।
बैठक में प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, वर्तमान में सामने आ रही व्यावहारिक चुनौतियों और लंबित प्रस्तावों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
निर्णय लिया गया कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरों के नए पंजीकरण से जुड़े प्रस्तावों को भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों के तहत शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही लंबित मामलों की जांच कर योग्य आवेदकों को जल्द प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन इंजीनियरों का पंजीकरण समाप्त हो चुका है, उनके नवीनीकरण की प्रक्रिया को आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इससे दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया तेज होगी और भवन मानचित्र स्वीकृति में देरी या जटिलता नहीं आएगी।
बैठक में अपर आयुक्त आवास डी.पी. सिंह, चीफ टाउन प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरों का एम्पैनलमेंट राज्य में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि लंबित प्रस्तावों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा और योग्य आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, समयबद्ध और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली को मजबूत किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों और नागरिकों को समय पर सेवाएं मिल सकें।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik