ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 28, 2026 09:09 PM IST
  • Updated: March 28, 2026 09:10 PM IST
उत्तराखंड

उत्तराखंड में गैस-ईंधन आपूर्ति पर हाई लेवल बैठक, चारधाम यात्रा से पहले विशेष तैयारी के निर्देश

वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर उत्तराखण्ड में गैस एवं ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रमुख सचिव, पुलिस विभाग, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और ऑयल कंपनियों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में एलपीजी आपूर्ति को लेकर नोडल अधिकारी स्वर्ण सिंह ने जानकारी दी कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और अस्पतालों व शैक्षणिक संस्थानों को नियमित आपूर्ति की जा रही है। हालांकि, जिलाधिकारियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अपेक्षाकृत कम होने की बात रखी, जिस पर मुख्य सचिव ने नई एसओपी के अनुसार आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में Indian Oil Corporation Limited के राज्य स्तरीय समन्वयक द्वारा बताया गया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। वहीं कृषि विभाग ने भी उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी दी, जिस पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि उर्वरकों का वितरण तय मानकों के अनुसार ही किया जाए और किसी प्रकार का दुरुपयोग न होने पाए।

आगामी चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए बैठक में विशेष तैयारी पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि 19 अप्रैल 2026 से यात्रा शुरू होने के साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ेगी। इस पर मुख्य सचिव ने केंद्र सरकार को अतिरिक्त मांग भेजने और यात्रा मार्गों पर पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन विभाग को वास्तविक मांग का आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में गैस के वैकल्पिक स्रोतों जैसे लकड़ी, सोलर, पिरूल (ब्रिकेट्स), इंडक्शन और बायोफ्यूल के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भी योजना बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) के विस्तार पर जानकारी दी गई कि राज्य में सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को एनओसी मिल चुकी है और तेजी से काम चल रहा है, जिस पर जिलाधिकारियों को नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस विभाग को अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और गैस व उर्वरकों की तस्करी रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही अप्रवासी उत्तराखंडियों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी करने की बात भी कही गई। बैठक में एक अहम निर्णय लेते हुए शादी समारोह के लिए दो अस्थायी गैस कनेक्शन देने के निर्देश भी दिए गए। अंत में मुख्य सचिव ने एलपीजी और ईंधन की सप्लाई चेन की निरंतर निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव एल फैनई, आर मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव गृह शैलेश बगौली, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×