रुड़की। सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नगर में भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के प्रमुख जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जिला प्रशासन एवं भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित इस यूनिटी मार्च का शुभारंभ राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि “अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान की तुलना नहीं की जा सकती। आज देश जिस एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है, उसकी नींव पटेल ने ही रखी थी।” उन्होंने जनता से राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
विधायक प्रदीप बत्रा ने वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि यह गीत देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है। वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने कहा कि यूनिटी मार्च समाज को एकता का संदेश देता है और शहरवासियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने बताया कि नगर के सात स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मार्च में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक चौधरी भीमसिंह ने किया। मार्च नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, मेन बाजार, बीटी गंज, नगर निगम सिविल लाइंस होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम पर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप, जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा, पूर्व प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा चौधरी धीर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, दिनेश कौशिक, आदेश सैनी, ब्रजमोहन सैनी, सावित्री मंगला, सौरभ सिंघल सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik