ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: September 13, 2026 11:50 AM IST
राज्य

शनिवार देर रात जंगल से निकलकर दो बाघ आए सड़क पर,पूरे इलाके में दहशत

रुद्रपुर। शनिवार देर रात काशीपुर में कार सवार के सामने जंगल से निकलकर दो बाघ अचानक सड़क पर आ गए। दोनों टाइगर काफी दूर तक कार के आगे-आगे दौड़ते नजर आए। कार सवार ने इस हैरान कर देने वाले वाक्ये को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों को रात के समय इस मार्ग पर सावधानी से आवाजाही करने की हिदायत दी।
बीती देर रात हेमपुर प्रतापपुर रोड पर एक कार सवार गुजर रहा था। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक दो बाघ निकलकर सड़क पर आ गए। कार की रोशनी पड़ते ही दोनों टाइगर सड़क पर आगे की तरफ दौड़ने लगे। कार सवार ने भी वाहन की गति को नियंत्रित रखा और सुरक्षित दूरी बनाए रखी। दोनों बाघ काफी दूर तक कार के आगे दौड़ते रहे। इस दौरान कार सवार के लिए यह नजारा जहां बेहद रोमांचक था, वहीं जंगली जानवरों की मौजूदगी के चलते उसकी चिंता भी बढ़ गई।
सड़क पर एक साथ दो बाघों के दिखाई देने का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में दोनों टाइगर सड़क पर दौड़ते हुए नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि जंगल से निकलकर दोनों बाघ सड़क के रास्ते दूसरी ओर जा रहे थे। जंगल से सटे इस मार्ग पर वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी सामने आती रही है। ऐसे में रात के समय इस सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि यदि रात के समय इस मार्ग से गुजरना जरूरी हो तो वाहन की गति नियंत्रित रखें और सड़क पर विशेष सावधानी बरतें। जंगल के आसपास वाहन चलाते समय तेज गति से वाहन चलाने से बचें और किसी भी वन्यजीव के सड़क पर दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसका पीछा करने की कोशिश न करें।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×