उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर भूस्खलन ने कहर बरपाया। सोमवार सुबह तड़के 3 बजकर 5 मिनट पर ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे।
इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक ट्रक मलबे की चपेट में आ गया। पत्थरों की मार इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया और चालक अंदर ही फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरे और लगातार गिरते पत्थरों के बीच टीम ने जोखिम उठाते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे ट्रक के केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि शव को पुलिस ने अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
भूस्खलन के कारण हाईवे दोनों ओर से पूरी तरह बंद हो गया। जिला प्रशासन जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को खोलने में जुटा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के जोखिम को उजागर कर दिया है। लगातार हो रहे भूस्खलन से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik