ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: May 25, 2026 02:23 PM IST
राज्य

वन विभाग की टीम को चकमा देकर बाघ शिकार मामले में फरार मुख्य आरोपी ने किया कोर्ट में सिरेंडर

हरिद्वार। बाघ शिकार मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां कोर्ट ने सोमवार  सुबह करीब साढ़े दस बजे कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस दौरान हालांकि, वन विभाग की टीम ने उसे वकील के चौंबर में पकड़ना चाहा लेकिन वकीलों ने टीम को रोक दिया। जिसके बाद अब वन विभाग के अधिकारी आमिर हमजा को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहे हैं।
 हरिद्वार वन विभाग की श्यामपुर रेंज स्थित सजनपुर बीट में दो बाघों को जहरीला पदार्थ देकर मारा गया था और जंगल से उनके शव बरामद हुए थे। इस मामले में वन विभाग की टीम ने आलम उर्फ फम्मी पुत्र शमशेर, आशिक पुत्र गामा, जुप्पी पुत्र अल्लू और यूसुफ पुत्र कालू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी आमिर हमजा उर्फ मियां टीम की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। गिरफ्तारी के डर से उसने अपने वकील सज्जाद अहमद के जरिए सीजेएम कोर्ट में सरेंडर की अर्जी दाखिल की। पिछले तीन दिन से वन विभाग की टीम उसकी घेराबंदी में जुटी थी। कोर्ट परिसर में सादे कपड़ों में वनकर्मी तैनात थे। सोमवार को कोर्ट में आमिर हमजा पहुंचा और वकील के चौंबर में बैठ गया। इस दौरान वनकर्मियों को उसकी भनक लग गई। वनकर्मियों ने उसे गिरफ्तार करना चाहा लेकिन वकीलों ने ऐसा होने नहीं दिया। इस तरह से उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया और वन विभाग की टीम को आखिरी मौके पर भी चकमा देने में कामयाब रहा।
 आमिर हमजा उर्फ मियां बाघों के शिकार मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार उसी ने ही मृत भैंस पर जहर छिड़कने की योजना बनाई थी। बाघों की मौत के बाद उसी ने ही उनके पैर काटे थे। आमिर के पास इस मामले के कई राज हैं, जो उसकी गिरफ्तारी के बाद खुल सकते थे। क्योंकि अभी तक पैर और धारदार हथियार भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल वन विभाग आमिर हमजा को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रहा है। रिमांड मंजूर होने पर हो सकता है, वो सारे राज उगल दे। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि, वन विभाग की टीमें आमिर हमजा उर्फ मियां की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहीं थी। सोमवार को  उसने रोशनाबाद स्थित कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। आमिर हमजा को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड मिलते ही उससे पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×