देहरादून। प्रदेश के राजधानी देहरादून में एक नामी प्राइवेट स्कूल की छात्राओं ने अपने फिजिक्स शिक्षक पर उनको अनुचित तरीके से छूने के आरोप लगाया हैं। एक छात्रा और उसकी मां ने इस मामले की लिखित शिकायत स्कूल प्रबंधन से भी की थी। स्कूल प्रबंधन ने छात्रा और उसकी मां को आरोपी शिक्षक के खिलाफ एक्शन लेने का भरोसा दिया था। इसके बाद अब आरोप है कि बाद में छात्रा को डराकर मामला दबाने का दबाव डाला गया।
आरोप है कि स्कूल प्रबंधन, छात्रा और उसकी मां को स्कूल से बाहर नहीं जाने दिया। मां-बेटी स्कूल से बाहर न जा सकें, इसके लिए गेट पर ताला भी लगा दिया गया है। पीड़ित छात्रा के आरोपों के अनुसार फिजिक्स शिक्षक लंबे समय से उनके क्लास की लड़कियों को भी गलत नीयत से छू रहे थे।
छात्रा ने यह बात पहले अपनी मां को बताई, जिसके बाद मां स्कूल पहुंची और प्रिंसिपल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का दावा है कि शिकायत में कुल 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। छात्रा की मां के मुताबिक स्कूल प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को नौकरी से हटाने और बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था।
छात्रा का आरोप है कि अगले दिन चैथे पीरियड में उसे प्रिंसिपल ऑफिस बुलाया गया, जहां डायरेक्टर, प्रिंसिपल और एक महिला शिक्षिका मौजूद थी। उसने आरोप लगाया कि डायरेक्टर ने उससे अभद्र ढंग से बात की, उसे झूठा बताया और यह कहा कि वह एक बुजुर्ग शिक्षक पर गलत आरोप लगा रही है।
छात्रा के अनुसार उससे यह भी कहा गया कि शिक्षक ने किस तरह छुआ था, वो छूकर दिखाए। उसका आरोप है कि उसे डराकर कहा गया कि मामले में कोई उसका साथ नहीं देगा और वह अकेली है। साथ ही उससे घर जाकर मां को इस बातचीत के बारे में न बताने को कहा गया।
पीड़िता की मां ने कहा कि इस घटना के बाद बेटी डरी-सहमी रहने लगी है और स्कूल जाने से घबराती है। उनका कहना है कि अन्य छात्राएं भी शिक्षक के व्यवहार से परेशान थीं, लेकिन डर और सामाजिक दबाव के चलते अभिभावकों तक शिकायत नहीं पहुंचा पा रही थी।
परिवार ने मांग की है कि शिकायत की रिसीविंग और 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की प्रमाणित प्रति दी जाए। डायरेक्टर असेंबली में सभी बच्चों के सामने सार्वजनिक माफी मांगें। छात्राओं को यह संदेश दिया जाए कि किसी भी अनुचित हरकत की सूचना वे बिना डरे अभिभावकों और प्रिंसिपल को दे सकती हैं।
वहीं इस मामले में कोतवाली डालनवाला प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस स्कूल पहुंची थी। अभी स्कूल प्रबंधन और परिजनों से बातचीत चल रही है। बातचीत के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik