ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: October 23, 2026 03:41 PM IST
अपराध

बैंक में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने के मामले में दो के खिलाफ मामला दर्ज

हल्द्वानी। नकली सोना गिरवी रखकर बैंक आफ बड़ौदा से डेढ़ लाख रुपये का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में हुए इस मामले में इंद्रानगर निवासी सोनम और बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
बैंक का आरोप है कि महिला ने सुनार के साथ मिलीभगत कर नकली सोना गिरवी रखा और गलत मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर ऋण हासिल किया।
बैंक के अधिकृत हस्ताक्षरी महेंद्र तनेजा की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, सोनम ने पांच मई 2022 को बैंक की मंगल पड़ाव शाखा में गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया था। बैंक ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सोने का मूल्यांकन कराने के बाद डेढ़ लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया।सोने का मूल्यांकन बड़ा बाजार स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार ने किया था। बैंक के अनुसार, ऋण की किश्तों का भुगतान नहीं होने पर खाता गैर निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) हो गया। इसके बाद बैंक ने तीन मई 2023 को ऋण वापसी के लिए नोटिस जारी किया। बाद में गिरवी रखे सोने की दोबारा जांच कराई गई।पांच अप्रैल और नौ जुलाई 2024 की मूल्यांकन रिपोर्ट में सोना नकली होने की बात सामने आई। बैंक ने आरोप लगाया कि सोनम और प्रदीप कुमार ने मिलीभगत कर नकली सोने को असली बताकर मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार कराई और बैंक से ऋण हासिल किया। इससे बैंक को आर्थिक नुकसान हुआ।
बैंक की ओर से मामले में कार्रवाई के लिए 12 जून 2025 को संबंधित थाने में शिकायत दी गई। इसके बाद 24 जून 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल को भी प्रार्थना पत्र दिया गया। बैंक का आरोप है कि इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई।
इसके बाद बैंक ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बनभूलपुरा थाने को प्राथमिकी दर्ज कर जांच के निर्देश देने की मांग की। अब मामले में सोनम और प्रदीप कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×