जालौन। जिले के कुठौंद थाना प्रभारी अरुण कुमार राय ने शुक्रवार देर रात अपने सरकारी आवास में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 9:30 बजे गोली चलने की आवाज सुनते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मी तुरंत उनके कमरे की ओर दौड़े, जहां दरवाज़ा खोलने पर इंस्पेक्टर राय खून से लथपथ हालत में बेहोश मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से गोरखपुर निवासी 45 वर्षीय इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय वर्ष 2023 से जालौन जनपद में तैनात थे। अपने अनुशासित, शांत और गंभीर स्वभाव के कारण वह पुलिस विभाग में एक अलग पहचान रखते थे। जालौन में तैनाती के दौरान उन्हें मीडिया सेल का प्रभार भी सौंपा गया था। इसके बाद वे कोंच कोतवाली और फिर उरई कोतवाली में लगभग एक वर्ष से अधिक समय तक सेवा देते रहे।
21 अगस्त 2024 को उनका स्थानांतरण कुठौंद थाने पर हुआ, जहां वे प्रभारी निरीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे।
घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। इस दुखद घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik