एक पत्नी गद्दे के नीचे पत्र रखकर घर से गायब हो गई। पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है।
अस्पताल रोड, मोहल्ला भूप सिंह निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 41 वर्षीय पत्नी दिनांक 21.09.2025 की दोपहर लगभग 3:30 बजे सुभाष चौक, जसपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। वह खुद उसे बस में बैठाकर घर वापस आ गया था। रात 10:00 बजे उसकी पत्नी से फोन पर बात हुई, तो उसने बताया कि वह हरिद्वार पहुंच गई है।
व्यक्ति ने बताया कि दिनांक 22.09.2025 की रात 10:00 बजे उसके फोन पर उसकी पत्नी का मैसेज आया कि “गद्दे के नीचे कुछ रखा है, देख लेना।” देखने पर उसे एक कागज प्राप्त हुआ। उसे पढ़कर उसने अपनी पत्नी को फोन किया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था।
उस पर वह आनन-फानन में हरिद्वार पहुंचा और उन सभी जगहों पर खूब खोजबीन की, जिनके बारे में वह जानता था। किन्तु उसकी पत्नी का कोई अता-पता नहीं लगा। उसने मौखिक रूप से अपनी पत्नी की गुमशुदगी की सूचना हरकी पौड़ी, हरिद्वार पुलिस को दी और अपने घर लौट आया।
उसने शक जताया है कि उसकी पत्नी कहीं गुम हो गई है। उसने पुलिस से अपनी पत्नी को ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत महिला की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।






.jpeg)







