महाशिवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने शिवभक्त कांवड़ियों की आस्था और सुरक्षा के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। बुधवार को विहिप के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर विकास शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कांवड़ यात्रा मार्गों पर मांस, मछली और अंडे की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराने तथा विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने की मांग की।
विहिप के प्रखंड मंत्री सुदेव दास गुप्ता ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर हजारों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर रुद्रपुर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में कांवड़ की पवित्रता बनाए रखना आवश्यक है। उनका कहना था कि मुख्य मार्गों पर मांस और मछली की दुकानें खुली रहने से कांवड़ खंडित होने की आशंका बनी रहती है और इससे अनावश्यक विवाद की स्थिति भी पैदा हो सकती है।
ज्ञापन में 13 फरवरी से 16 फरवरी तक कांवड़ मार्गों पर स्थित मांस-मछली की दुकानों को बंद रखने के आदेश जारी करने की मांग की गई है। साथ ही ऊधम सिंह नगर के प्रमुख मार्गों पर शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और मार्गों की सफाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
विहिप कार्यकर्ताओं ने कहा कि आस्था के इस महापर्व पर किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति उत्पन्न न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
महापौर विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनभावनाओं और पर्व की पवित्रता का सम्मान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik