रुद्रपुर: नानकमत्ता में एक ही परिवार के चार लोगों की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए आरोपितों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उत्तराखंड पुलिस के एसआई कृष्ण चंद्र आर्य को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 29 दिसंबर 2021 को नानकमत्ता निवासी ज्वैलर्स अजय रस्तोगी उर्फ अंकित रस्तोगी, उदित रस्तोगी, आशा देवी और सन्नो देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
तत्कालीन थाना अध्यक्ष एसआई कृष्ण चंद्र आर्य ने विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया तंत्र का उपयोग करते हुए मुख्य आरोपित रानू रस्तोगी सहित उसके साथियों विवेक वर्मा, मुकेश शर्मा उर्फ राहुल और सचिन सक्सेना की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों से 35 हजार रुपये नकदी, हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सनी जींस, कार और लोहे की रॉड बरामद की थी।
पूरी जांच के बाद चारों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई।
20 मई 2025 को न्यायालय ने सभी आरोपितों को निम्न सजाएँ सुनाईं—
धारा 302/34 IPC: आजीवन कारावास + 20,000 रुपये जुर्माना
धारा 394 IPC: 7 वर्ष कारावास + 20,000 रुपये जुर्माना
धारा 201 IPC: 3 वर्ष कारावास + 10,000 रुपये जुर्माना
इस पूरे मामले में एसआई कृष्ण चंद्र आर्य की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उनकी उत्कृष्ट विवेचना को देखते हुए उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि पूरे ऊधम सिंह नगर पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है। ऐसी श्रेष्ठ विवेचना पुलिस की पेशेवर दक्षता को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik