ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 30, 2026 09:18 PM IST
  • Updated: March 30, 2026 09:19 PM IST
उत्तराखंड

रामनगर के पीरूमदारा में गैस किल्लत पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने गैस एजेंसी का किया घेराव

रामनगर के ग्राम पीरूमदारा क्षेत्र में गैस की भारी किल्लत को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। क्षेत्र के करीब तीन दर्जन गांवों के लोग और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर गैस एजेंसी पर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए एजेंसी का घेराव किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए आरोप लगाया कि विभागीय मिलीभगत के चलते क्षेत्र में गैस संकट गहराता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। वहीं, दूसरी ओर कालाबाजारी का खेल भी जोरों पर है, जहां एक सिलेंडर दो से ढाई हजार रुपये तक में बेचा जा रहा है। इस पर ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब एजेंसी पर गैस की कमी है, तो ब्लैक मार्केट में सिलेंडर आखिर कहां से पहुंच रहे हैं।

पूर्व प्रधान राहुल डंगवाल ने एजेंसी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उधर, रामनगर गैस एजेंसी में बीते दो दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने एजेंसी के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि एजेंसी संचालकों ने गेट बंद कर ताला लगा दिया था, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक कमल तिवारी ने बताया कि रविवार और सोमवार को अवकाश तथा अन्य कारणों से गैस की गाड़ियां नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंगलवार सुबह दो गाड़ियां आएंगी और घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश सिंह, ग्राम प्रधान रचना सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×