ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 20, 2026 02:18 PM IST
राज्य

उत्तराखण्ड में बारिश का कहर,पिछले 24 घंटे में तीन लोगों ने गंवाई जान,कई घायल

देहरादून। पिछले 24 घंटे के भीतर हुई मूसलाधार बारिश से राज्य के अलग-अलग जिलों में भूस्खलन, सड़क हादसे, बिजली गिरने, पेड़ गिरने, जलभराव और हादसे की घटनाओं में 3 लोगों की जान चली गई, कई घायल हुए हैं। बाजारों और मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव कार्य में जुटी रहीं।
 राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की 20 जुलाई सुबह 9.30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार रेड अलर्ट के दौरान सबसे अधिक नुकसान सड़क हादसों, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाओं से हुआ। टिहरी गढ़वाल जिले के प्रतापनगर-लंबगांव मोटर मार्ग पर खोलगढ़ के पास एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक 38 वर्षीय होशियार सिंह पंवार की मौत हो गई।
ऋषिकेश-कीर्तिनगर मोटर मार्ग पर पावकी देवी क्षेत्र में चलती कार पर पेड़ गिरने से मेरठ निवासी एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में जंगल में बकरियां चरा रहे 52 वर्षीय व्यक्ति की वज्रपात से मौत हो गई। नैनीताल के हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भी एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल चल रहे व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा चंपावत के टनकपुर क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। रुद्रप्रयाग जिले के संकरोड़ी-खाकरा पीपली मार्ग पर एक पिकअप वाहन खाई में गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए और एक भैंस की भी मौत हो गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 चमोली जिले के कहकुंड क्षेत्र में एक गौशाला के ऊपर बोल्डर गिरने से पशुओं के दबने की सूचना मिली है। वहीं पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र में एक आवासीय भवन के पीछे से विशाल पत्थर घर के भीतर घुस गया. हालांकि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×