ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 20, 2026 01:41 PM IST
अपराध

दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपी ने यदि आत्मसमर्पण नही किया तो होगी कुर्की की कार्यवाही

रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी के घर पहुंचकर मुनादी कराई और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वह निर्धारित समय के भीतर न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके मकान की कुर्की की जाएगी।
विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कराया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह हर बार पुलिस से बचकर फरार हो गया। आरोपी के लगातार गिरफ्तारी से बचने और न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग न करने के चलते विवेचक ने न्यायालय में आवश्यक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया.मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय न्यायालय ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत आरोपी के विरुद्ध उद्घोषणा जारी करने के आदेश दिए।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बीते दिन पुलिस टीम आरोपी के आवास पर पहुंची और विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए उद्घोषणा की कार्रवाई की। इस दौरान आसपास के लोगों को भी न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई और सार्वजनिक रूप से यह घोषणा की गई कि आरोपी शीघ्र न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के आदेशानुसार उसकी संपत्ति और मकान की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फरार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके। जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×