ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 22, 2026 04:01 PM IST
राज्य

आकाशीय बिजली गिरने से 150 से अधिक भेड़—बकरियों की मौत

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के फतेपर्वत क्षेत्र स्थित चांगसील बुग्याल में आकाशीय बिजली गिरने से 150 से अधिक भेड़—बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र के 8 से 10 पशुपालक परिवारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नुकसान का जायेजा करने के लिए घटनास्थल रवाना हो गई है।
स्थानीय निवासी जगदीश सिंह कुंवर ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज—चमक हुई और आकाशीय बिजली गिरी। आज सुबह जब पशुपालक अपने बेड़ों के पास पहुंचे तो बड़ी संख्या में भेड़—बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। उन्होंने बताया कि हादसे में गुरुदेव पुत्र मेबर सिंह, गुड्डू सिंह पुत्र मातवर सिंह, ताली राम पुत्र फते सिंह, वीरभद्र पुत्र किशन सिंह सहित अन्य पशुपालकों की कुल 150 से अधिक भेड़—बकरियों की मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत पशुओं की संख्या बढ़ भी सकती है। ग्रामीणों के अनुसार इन दिनों फतेपर्वत क्षेत्र के पशुपालक अपनी भेड़—बकरियों को चराई के लिए चांगसील बुग्याल ले जाते हैं। पशुपालन ही इन परिवारों की आय का प्रमुख स्रोत है, ऐसे में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित पशुपालकों ने शासन—प्रशासन से शीघ्र नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है, ताकि वे इस आपदा से उबर सकें। उधर, मोरी के नायब तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि चांगसील क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में भेड़—बकरियों की मौत की सूचना मिली है। राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है, जो नुकसान का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×