ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 12, 2026 05:57 PM IST
  • Updated: March 12, 2026 05:59 PM IST
उत्तराखंड

ऊंचापुल चौराहे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन की सख्त कार्रवाई

शहर में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने ऊंचापुल चौराहे पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लंबे समय से नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया। 

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपाई ने बताया कि कालाढूंगी रोड राज्य मार्ग का यह हिस्सा शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग पर कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण (रोड वाइडनिंग) का कार्य प्रस्तावित है। इस योजना के तहत ऊंचापुल चौराहे के सुधार और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का काम भी किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष जुलाई से अतिक्रमण चिन्हीकरण की प्रक्रिया चल रही थी और संबंधित लोगों को लगातार नोटिस देकर सुनवाई का अवसर भी दिया गया। कई मामलों में संबंधित पक्षों ने अदालत का दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन अब सभी मामलों का निस्तारण हो चुका है।

मानवीय आधार पर प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को 7 मार्च तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया था, लेकिन समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कटघरिया से कालू सिद्ध बाबा मंदिर तक और तीन पानी से नरीमन चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हांकन किया गया है। इस प्रक्रिया में केवल न्यूनतम भूमि ली जा रही है ताकि सड़क का विस्तार हो सके और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जो लोग राष्ट्रीय या नजूल भूमि पर अतिक्रमण किए हुए हैं और जिनकी जमीन फ्रीहोल्ड नहीं है, वे चिन्हांकन के अनुसार स्वयं अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा प्रशासन आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रखेगा। 

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×