ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 13, 2025 03:29 PM IST
उत्तराखंड

महिला सशक्तिकरण की नई पहल: निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र व चैरिटी बाजार का एनएपीएसआर ने किया शुभारंभ

देहरादून। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नेशनल एसोसिएशन फॉर पेरेंट्स एंड स्टूडेंट्स राइट्स (एनएपीएसआर) ने रायपुर क्षेत्र में चैरिटी बाजार एवं निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर के.जी. बहल, तारा फाउंडेशन की चेयरपर्सन शेरिंग लुडिंग, स्वयं सिद्धा (सोवा) की अध्यक्षा रुकसाना हुसैन तथा समाज सेविका विभा नौडियाल ने किया।

इस अवसर पर एनएपीएसआर के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि महिलाओं में रोजगार और उद्यमिता की अपार क्षमता होती है, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण निम्नवर्गीय और अति निम्नवर्गीय महिलाएं अपने हुनर को आगे नहीं बढ़ा पातीं। यदि उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले, तो वे कई क्षेत्रों में पुरुषों से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संस्था लंबे समय से प्रयासरत थी।

काफी सर्वे और अध्ययन के बाद संस्था ने यह निर्णय लिया कि एक ऐसा केंद्र स्थापित किया जाए, जहां महिलाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके और बिना लागत के रोजगार शुरू करने का अवसर मिले। इसी उद्देश्य से चैरिटी बाजार और निःशुल्क प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई है।

इस पहल के तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और बालिकाओं को नए व पुराने कपड़ों से विभिन्न उत्पाद तैयार करने का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, जो महिलाएं घर से ही काम करना चाहती हैं, उन्हें बिना किसी लागत के घर बैठे रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इन गतिविधियों से होने वाली आय का उपयोग पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली निर्धन कन्याओं की छात्रवृत्ति, अनाथ एवं निर्धन कन्याओं के विवाह तथा महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार में किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्वयं सिद्धा (सोवा) की सचिव स्वीटी कलेर, ममता गुप्ता, गार्गी नौडियाल, गौरी नौडियाल, शांति प्रसाद जखमोला, कविता खान, कावेरी सिंह, अफसाना सुल्तान, संजय कुमार, अमर सिंह, अलियाह खान, शानवी सिंह, ईशान खान, प्रत्यक्ष सिंह, मीरा तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×