नैनीताल/हल्द्वानी। थाना मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की तीन घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी फिरोज गांधी (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक साथी अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 30 जनवरी और 4 फरवरी को मुखानी क्षेत्र, जबकि 6 फरवरी को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटे गए। आरोपी कभी सामान खरीदने का बहाना बनाता तो कभी महिलाओं से पता पूछने के जाल में फंसाता था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को जांच के निर्देश दिए थे।
थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बाइक (HR 29 AF 2325) से कालाढूंगी की ओर हल्द्वानी आ रहे हैं। कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार को दबोच लिया गया, जबकि पीछे बैठा उसका साथी जंगल की ओर भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी, पुत्र नंदराम, निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, रामपुर (UP) के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने तीनों घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार:
हल्द्वानी, मुखानी और रामनगर में उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं।
रामपुर (UP) में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित पांच अन्य मामले दर्ज हैं।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फरार आरोपी की तलाश जारी रखने की चेतावनी दी।
पुलिस ने आम जनता और महिलाओं से अपील की है कि सावधानी बरतें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी दें, ताकि अपराधियों को किसी भी हाल में मनमानी करने का मौका न मिले।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik