ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 11, 2026 05:07 PM IST
  • Updated: February 11, 2026 05:09 PM IST
उत्तराखंड

कनखल में दोस्त ने की दोस्त की हत्या, बहनों पर टिप्पणी से भड़का विवाद; मथुरा से आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के लहूलुहान शव की गुत्थी हरिद्वार पुलिस ने सुलझा ली है। दोस्ती की आड़ में हुई यह सनसनीखेज वारदात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद का नतीजा निकली। बहनों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोशित युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। 

7 फरवरी को मिला था शव

बीते 7 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य जुटाए। शिनाख्त के बाद मृतक की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली कनखल के रूप में हुई।

मृतक के पिता की तहरीर पर थाना कनखल में धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। 

पांच टीमों ने खंगाले सैकड़ों सीसीटीवी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में मृतक कुनाल एक शराब के ठेके से शराब खरीदते हुए एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाता दिखाई दिया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो घटना के बाद से फरार था। 

मथुरा से दबोचा गया आरोपी

तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वह कुछ महीनों से कनखल में अपनी नानी के साथ रह रहा था और मृतक कुनाल उसका पड़ोसी व मित्र था।  

नशे में बढ़ा विवाद, पत्थर से किया वार

6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान नशे में कुनाल ने आरोपी की बहनों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुनाल ने आरोपी को थप्पड़ भी मार दिया।

गुस्से में आकर अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मथुरा फरार हो गया।

मोबाइल भी बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×