ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: May 15, 2026 05:07 PM IST
अपराध

रूद्रपुर के मुख्य बाजार में चोरी की बड़ी वारदात,एक साथ चार शोरूमों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी

रूद्रपुर। देर रात  शहर के  मुख्य बाजार स्थित मटके वाली गली में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक साथ चार नामी शोरूमों में सेंध लगाकर करीब 10 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। खबर सुनने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में मौके पर पहंुचकर स्थिति का जायजा लिया।  
बताया जा रहा है कि   सुबह जब दुकानदार अपने शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शोरूमों के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही बाजार के अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि मुख्य बाजार जैसे संवेदनशील इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं होना पुलिस गश्त की लापरवाही को दर्शाता है। दुकानदारों के अनुसार चोर पड़ोस की एक दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे। फिर चारों शोरूमों के ताले तोड़कर गल्लों में रखी नकदी चोरी कर ली। व्यापारियों के मुताबिक एक शोरूम से करीब 5 लाख रुपये, दूसरे से लगभग ढाई लाख रुपये और अन्य दुकानों से करीब 40 हजार रुपये सहित कुल मिलाकर लगभग 10 लाख रुपये की नकदी गायब मिली है।
चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में तीन युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर गल्लों से नकदी निकालते और उसे थैलों में भरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं। आसपास लगे कैमरों की भी जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सीओ दौलत राम वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×