ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 28, 2025 05:24 PM IST
उत्तराखंड

जौलीग्रांट एयरफील्ड: पर्यावरण प्रबंधन पर DM की उच्चस्तरीय समीक्षा, नागरिक सुरक्षा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार में जौलीग्रांट एयरपोर्ट की एयरफील्ड पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में हवाई अड्डे के 10 किलोमीटर संचालन क्षेत्र में पक्षियों व वन्यजीवों की गतिविधियों को नियंत्रित करने और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने एहतियातन सुरक्षा के सभी जरूरी कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए।

डीएम ने डोईवाला नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट के निकट केशवपुरी स्थित डंपिंग यार्ड में मौजूद कूड़े के निस्तारण में तेजी लाई जाए। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रामेल और पोकलैंड मशीनें तुरंत खरीदने, डंपिंग यार्ड को टिन शेड से कवर करने तथा मशीनरी और मैनपावर बढ़ाते हुए कूड़ा निस्तारण कार्य को तेज गति देने को कहा।

बर्ड हिट की घटनाओं और वन्यजीव गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए डीएम ने एयरपोर्ट परिसर में इकट्ठे होने वाले कूड़े के नियमित निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने एयरपोर्ट के आसपास स्थित सभी दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट की पड़ताल कराकर नियमानुसार कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

एयरपोर्ट से 10 किमी परिधि में स्थित केशवपुरी डंपिंग साइट के विस्थापन की आवश्यकता पर जिलाधिकारी ने एसडीएम डोईवाला को एक सप्ताह के भीतर सरकारी भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही मौजूदा डंपिंग साइट की भूमि की श्रेणी की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा।

हवाई अड्डा परिसर के अंदर व बाहर नालियों की क्षमता में विसंगति और नाले की सफाई में समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को शीघ्र कार्य शुरू कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने अवगत कराया कि एयरपोर्ट के आसपास कचरे की डंपिंग, मांस की दुकानें, निर्धारित ऊंचाई से अधिक पेड़ या भवन होने पर बर्ड स्ट्राइक की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने 10 किमी परिधि में स्थित डंपिंग यार्ड को अन्यत्र स्थानांतरित करने की आवश्यकता और निकासी नालियों की क्षमता में अंतर की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम अपर्णा ढौडियाल, विमानपत्तन निदेशक बी.सी.एच. नेगी, उप महाप्रबंधक अमित जिंदल, उप महाप्रबंधक अनिल कुमार मस्ताना, प्रबंधक शुभम वत्स, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एल.एल. शाह, निरीक्षक सचिन सिंह रावत, कुलदीप खत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×