ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: July 04, 2026 04:53 PM IST
राज्य

मंदाकनी की तेज धारा में फंसी जेसीबी,एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर सबको बाहर निकाला

रुद्रप्रयाग। जनपद  में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।  लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसी दौरान गंगानगर क्षेत्र में नदी के मध्य निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन तेज जलधारा के बीच फंस गई। जेसीबी चालक और उसका एक सहयोगी देखते ही देखते चारों ओर से उफनती नदी से घिर गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष को  सूचना मिली कि सिंगोली-भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना के कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद मंदाकिनी नदी का जलप्रवाह अचानक कई गुना बढ़ गया। जलस्तर में आई अप्रत्याशित वृद्धि के कारण नदी के बीच कार्यरत जेसीबी मशीन तेज बहाव में फंस गई और चालक व उसका सहयोगी सुरक्षित बाहर नहीं निकल सके।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग ने तत्काल राहत एवं बचाव तंत्र को सक्रिय करते हुए एसडीआरएफ, जल पुलिस व नगर पंचायत अगस्त्यमुनि की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। बचाव दल ने विषम परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच साहस व सूझबूझ का परिचय देते हुए अभियान चलाया और नदी के बीच फंसे दोनों व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मानसून के दौरान जिले की सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिला प्रशासन लगातार नदी-नालों के जलस्तर, मौसम की स्थिति तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण जनपद की अधिकांश नदियों, गाड़-गदेरों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में नदी तटों और जलधाराओं के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। जिला प्रशासन ने आमजन, स्थानीय ग्रामीणों, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों, यात्रियों व तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे नदी के बीच, किनारों अथवा जलधाराओं के समीप जाने से बचें।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×