देहरादून। शहर के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्र आईएसबीटी में अब सफाई और व्यवस्थित संचालन का नया मापदंड स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में आईएसबीटी का औचक निरीक्षण किया और स्वयं झाड़ू लगाकर यह संदेश दिया कि स्वच्छता सिर्फ प्रशासन का नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद एमडीडीए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आईएसबीटी में 24 घंटे स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजनाबनाई। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की, ताकि परिसर में किसी भी स्तर पर लापरवाही न रहे।
आज पूरे आईएसबीटी परिसर और मुख्य मार्गों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। नालियों की सफाई, प्रतीक्षालयों और बस प्लेटफॉर्म की सफाई के साथ यात्रियों और बस कर्मचारियों को कचरा सही तरीके से निस्तारित करने के लिए जागरूक किया गया। अब प्रत्येक बुधवार को आईएसबीटी में नियमित सघन स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
बंशीधर तिवारी ने कहा, “आईएसबीटी जैसी सार्वजनिक जगह को स्वच्छ बनाए रखना प्रशासन और नागरिकों दोनों की जिम्मेदारी है। जब समाज और प्रशासन मिलकर काम करेंगे, बदलाव निश्चित है। यह पहल न केवल आईएसबीटी, बल्कि पूरे देहरादून शहर की छवि सुधारने में भी अहम साबित होगी।”






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik