ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: October 08, 2026 02:45 PM IST
अपराध

ससुरालियों पर शादी में कार और रुपए ना मिलने पर विवाहिता से मारपीट का आरोप

हरिद्वार। जिले के लक्सर में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट व कई अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है।  
ग्राम अकबरपुर निवासी पीड़िता ने एसएसपी हरिद्वार को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका करीब दो साल से ग्राम अकोड़ा औरंगजेबपुर निवासी निखिल नाम के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसका लगातार शारीरिक शोषण किया। जब बात बिगड़ने लगी तो दोनों पक्षों के परिजनों और गांव के लोगों की मौजूदगी में 30 जुलाई को एक मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई। विवाह का विधिवत पंजीकरण भी कराया गया, ताकि भविष्य में कोई विवाद न हो।
 पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही उसके ससुराल वालों का असली रूप सामने आ गया। पति, ससुर और सास ने उससे दहेज की मांग शुरू कर दी। वे उस पर मायके से एक कार, दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और सोने की चेन लाने का लगातार दबाव बनाने लगे। आरोप लगाया कि मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की जाती थी। साथ ही आए दिन ताने मारे जाते थे।
 विवाहिता ने अपनी शिकायत में एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उसने बताया कि विवाह से पहले ही वह गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि 31 जुलाई को पति और ससुराल वाले उसे जबरन लक्सर-मेरठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए और वहां उसे कथित तौर पर गर्भपात की दवा दिलाकर उसका गर्भपात करा दिया गया। पीड़िता के अनुसार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना चरम पर पहुंच गई। 22 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे पति, सास और ससुर ने एक राय होकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और गला घोंटकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। जब वह बेहोश होने लगी तो उसे मरा हुआ समझकर आरोपी उसे उसके मायके के पास छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि जाते-जाते ससुराल वालों ने उसके परिजनों को धमकी दी कि जब तक कार, दो लाख रुपये नकद और सोने का सामान लेकर नहीं आएगी, तब तक उसे वापस ससुराल में नहीं रखा जाएगा। जब इस पूरे मामले में जब स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने एसएसपी हरिद्वार से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×