चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई, जिसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू किया
चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है।
एक बाइक पर सवार थे चार दोस्त
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे चार दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर ब्रह्मसैन गांव से रामलीला देखने गोपेश्वर जा रहे थे। जैसे ही वे बस अड्डा ब्रह्मसैन के पास पहुंचे, बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी पिकअप से जा टकराई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चों के परिजनों को सूचना दी और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। देर रात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बाइक का नंबर UK07 BT 8076 बताया गया है।
दो बच्चों की मौत, दो की हालत नाजुक
इलाज के दौरान ब्रह्मसैन निवासी 11 वर्षीय उज्जवल और 14 वर्षीय समीर ने दम तोड़ दिया। वहीं, सागर और अमन गंभीर रूप से घायल हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। पुलिस ने एमएलसी जांच और कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है। मृतकों के शवों को मॉर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।
ग्रामीणों की मांग — लगें स्ट्रीट लाइट और स्पीड कंट्रोल संकेतक
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर अंधेरा और स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था न होने से यह दुर्घटना हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बस अड्डा ब्रह्मसैन क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और गति-नियंत्रक संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik