रंगों का त्योहार होली और पाक माह रमजान इस बार साथ पड़ने जा रहे हैं। ऐसे में शहर में आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर में अमन कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दोनों पर्व परंपरा और सम्मान के साथ शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे।
नवयुवक समिति होलिका कमेटी के कोषाध्यक्ष पं. रविशंकर शुक्ला ने बताया कि 2 मार्च को सुबह 11 बजे होलिका पूजन, 3 मार्च को शाम 5 बजे होलिका दहन और 4 मार्च को पारंपरिक रंगोत्सव (छलड़ी) मनाया जाएगा।
इस दौरान सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी पहल करते हुए जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सदर शकील खान ने घोषणा की कि 4 मार्च को रंगोत्सव के दिन शहर की जामा मस्जिद में जोहर की नमाज का समय एक घंटा बढ़ाकर दोपहर 2 बजे कर दिया गया है। मिश्रित आबादी वाले खताड़ी क्षेत्र की छप्पर वाली मस्जिद में भी यही समय लागू रहेगा। इस फैसले को बैठक में मौजूद सभी लोगों ने भाईचारे की मिसाल बताया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी और नगर पालिकाध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम ने नागरिकों से होली को प्रेम, सद्भाव और जिम्मेदारी के साथ मनाने की अपील की। साथ ही त्योहार के दौरान नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने की जानकारी भी दी गई।
कांग्रेस नगराध्यक्ष भुवन शर्मा और खिदमते खल्क के अध्यक्ष जिशान कुरैशी ने होली के दौरान हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, जबकि सभासद पारस गोला ने पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने का मुद्दा रखा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे एसडीएम चौहान ने कहा कि त्योहारों की असली भावना आपसी सम्मान और सद्भाव में है। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और शांति बनाए रखने की अपील की। संचालन कर रहे ट्रैफिक इंस्पेक्टर वेदप्रकाश भट्ट ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik