ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 23, 2026 08:36 PM IST
  • Updated: March 23, 2026 08:43 PM IST
उत्तराखंड

हल्द्वानी में नशा तस्करी पर बड़ा वार: 27 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

जनपद नैनीताल में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर हल्द्वानी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में काठगोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वन विभाग के जू डम्पिंग जोन, बागजाला के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 91.10 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आनन्द सिंह रावत और रोहित थापा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आनन्द सिंह रावत के कब्जे से 68.35 ग्राम और रोहित थापा के पास से 22.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 37/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी आनन्द सिंह रावत के खिलाफ पहले भी हल्द्वानी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे स्मैक को सितारगंज निवासी “पिंचू” नामक व्यक्ति से खरीदकर हल्द्वानी में बेचते थे।

पुलिस अब इस सप्लायर की तलाश में जुटी है और नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने पूरी टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×