बाज़ार में आए हथियारों से लैस चार युवकों ने कॉस्मेटिक व्यापारी की दुकान में घुसकर उसके ऊपर पाटल से हमला कर दिया। पाटल लगने से व्यापारी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इस दौरान हमलावरों ने दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की। आसपास के दुकानदारों ने मौके पर तीन युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि एक युवक फरार हो गया।
घटना लालकुआं कोतवाली क्षेत्र की है। इस घटना से व्यापारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता भी कोतवाली पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि लाइनपार स्थित चूड़ी एवं कॉस्मेटिक सेंटर के संचालक रेहान दुकान में बैठे थे, तभी चार युवक दुकान में घुसे और पाटल से उनके सिर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि हमले के बाद युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। दुकान के बाहर निकलकर भी वे कुछ देर तक पाटल लहराते रहे।
जब व्यापारी एकत्र हुए तो चारों युवक भागने लगे, जिनमें से तीन को लोगों ने पकड़ लिया जबकि चौथा फरार हो गया। पकड़े गए तीनों युवकों को कोतवाली लालकुआं पहुंचाया गया है। हमलावर सभी युवक बिंदुखाता के बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल रेहान को अस्पताल ले जाया गया है।
लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि लाइनपार क्षेत्र में एक व्यापारी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि घायल युवक को मेडिकल के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik