हरिद्वार। सुबह भगवानपुर थाना क्षेत्र में रायपुर के पास स्थित एक कंपनी के गोदाम में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगी। आग की लपटें देख आसपास की कंपनियों में काम कर रहे श्रमिक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक भगवानपुर थाना क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र रायपुर गांव के पास एनटीएल कंपनी के गोदाम में सुबह अचानक आग लग गई. बताया गया है कि गोदाम में कूड़ा-कर्कट और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिस कारण आग तेजी से फैलने लगी. कुछ ही पल में आग की लपटे आसमान छूने लगी।
वहीं, आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास की कंपनियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद आसपास की कंपनी के कर्मचारियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी के साथ आग लगने की जानकारी दमकल विभाग को दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था।
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा और भारी नुकसान होने से टल गया। सूचना मिलने के बाद तत्काल ही भगवानपुर फायर स्टेशन प्रभारी सत्यपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. भगवानपुर फायर स्टेशन प्रभारी सत्यपाल सिंह के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया आग गोदाम में पड़े कूड़ा-कर्कट से फैलती दिखाई दे रही है। फिलहाल विभाग आग लगने के कारणों का पता लगा रहा है, साथ ही पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रहा है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik