ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: November 08, 2025 03:35 PM IST
उत्तराखंड

लपटों में घिरी फैक्ट्री! महुआखेड़ागंज में आग ने मचाई तबाही

काशीपुर। महुआखेड़ागंज फेस-2 स्थित पिपलिया क्षेत्र में शनिवार तड़के सेग इंडस्ट्रीज के रोटरी यार्ड में भीषण आग लग गई। घटना की सूचना सुबह करीब 6:40 बजे पीएफटी के माध्यम से फायर स्टेशन काशीपुर को मिली। सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में फायर यूनिट की दो गाड़ियाँ तत्काल मौके पर रवाना की गईं।

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि फैक्ट्री परिसर के रोटरी यार्ड में रखे रबर के कट्टों में आग भयंकर रूप से धधक रही थी। ऊंची उठती लपटों से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फायर कर्मियों ने तुरंत मोटर फायर इंजन से दो होज़ लाइन फैलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

प्रारंभिक प्रयासों से आग की तीव्रता कुछ कम हुई, लेकिन पानी खत्म होने पर दूसरे फायर टेंडर को जोड़ा गया, और लगातार पंपिंग कर कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

सौभाग्यवश, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में रखे रबर उत्पाद जलकर राख हो गए।

फायर यूनिट की टीम में लीडिंग फायरमैन खीमानंद, बिजेंद्र सिंह, चालक सुमित पवार, सोमबीर पवार, फायरमैन प्रकाश चंद, अर्जुन सिंह, भुवन कुमार, महिला फायरमैन नीतू नाथ, भावना, पंकज कुमार, राधिका, सीता, ज्योति और नमिता शामिल रहीं। सभी ने उत्कृष्ट समन्वय और साहस का परिचय दिया।

फायर स्टेशन अधिकारियों के अनुसार, समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी औद्योगिक दुर्घटना टल गई। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×