ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: February 18, 2026 03:59 PM IST
  • Updated: February 18, 2026 04:02 PM IST
उत्तराखंड

दून के शेरों ने जीती मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी: पदक लाओ और सरकारी नौकरी पाओ; सीएम धामी ने खिलाड़ियों को दिया 4% आरक्षण का तोहफा!

देहरादून। ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में बुधवार को जोश, जुनून और खेल भावना का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर कोई दंग रह गया। मौका था 'मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26' के राज्य स्तरीय समापन समारोह का। इस कड़े मुकाबले में देहरादून की टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए चैंपियन की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विजेता टीम को ₹5 लाख का इनाम और भव्य ट्रॉफी सौंपी।

खिलाड़ियों के लिए नौकरियों का द्वार खुला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मंच से प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। सीएम ने कहा, "हमारी सरकार न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक की प्रतिभाओं को तराश रही है। यह आरक्षण हमारे युवाओं के सुरक्षित भविष्य की गारंटी बनेगा।"

खिलाड़ियों का स्वर्णिम काल: रेखा आर्या खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि उत्तराखंड अब सिर्फ देवभूमि नहीं, बल्कि 'खेल भूमि' के रूप में विश्व पटल पर उभर रहा है। उन्होंने पिछले 4 वर्षों में लिए गए क्रांतिकारी फैसलों जैसे आउट ऑफ टर्न नौकरी, खेल छात्रवृत्ति और लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का जिक्र करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए 'स्वर्णिम काल' बताया। उन्होंने कहा कि आगामी 39वें राष्ट्रीय खेल और भविष्य के ओलंपिक खेलों के लिए हम अभी से 'विश्व स्तरीय' योद्धा तैयार कर रहे हैं।

लक्ष्य 2036: ओलंपिक की तैयारी सरकार का विजन अब 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 के संभावित ओलंपिक की मेजबानी की ओर है। खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय इस सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

समापन समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खेल सचिव अमित सिन्हा और जिलाधिकारी सविन बंसल समेत कई अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समापन के अवसर पर राज्य भर से आए हजारों खिलाड़ियों के चेहरे की चमक उत्तराखंड में एक नई खेल संस्कृति के उदय की गवाही दे रही थी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×