ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: March 26, 2026 12:45 PM IST
  • Updated: March 26, 2026 12:46 PM IST
उत्तराखंड

देहरादून–पिथौरागढ़ 42-सीटर विमान सेवा का शुभारंभ, एक घंटे में पूरा होगा सफर

पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून 42-सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस सेवा से अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर महज एक घंटे में पूरा हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा न केवल आम जनता के लिए सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि एक समय हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में UDAN योजना के जरिए आम नागरिक भी सस्ती हवाई यात्रा कर पा रहा है।

सरकार द्वारा वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभाई है। हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को भी मंजूरी दी गई है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं अब “जीवन रेखा” बन चुकी हैं। यह सेवाएं न केवल आवागमन को आसान बनाती हैं, बल्कि आपात स्थितियों में चिकित्सा सहायता पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं और “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बीते वर्षों में हेलिपोर्ट और हेलीपैड की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, सीमांत क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×