उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के ढालीपुर में 12वीं कक्षा की छात्रा की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान ढालीपुर निवासी 18 वर्षीय मनीषा तोमर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम मनीषा को दांत में दर्द हो रहा था, जिसके चलते वह अपने चचेरे भाई सुरेंद्र के साथ बाइक से बाजार दवा लेने गई थी। देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटी तो परिजन चिंतित हो गए। परिजनों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की।
कुछ देर बाद गांव से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मनीषा का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मनीषा की गर्दन पर धारदार हथियार से दो गहरे वार किए गए थे। पहचान छुपाने की नीयत से उसका चेहरा पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया था। मौके की स्थिति देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी।
पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के बाद से मनीषा के साथ बाजार गया उसका चचेरा भाई सुरेंद्र फरार बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि इस जघन्य वारदात में उसी की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जिस व्यक्ति के साथ मनीषा दवा लेने गई थी, उसी ने उसकी हत्या क्यों की। पुलिस हत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है और हर पहलू पर छानबीन की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के कारणों और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik