देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के प्रथम चरण में 484 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹3 करोड़ 45 लाख 34,500 डीबीटी के माध्यम से भेजे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी और उन्हें सम्मान, सुरक्षा तथा नेतृत्व की क्षमता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा, “महिला सशक्त हो तो पूरा समाज सशक्त होता है। यह योजना विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, अकेली महिलाएं, एसिड अटैक पीड़ित और ट्रांसजेंडर्स को भी लाभ पहुंचाएगी।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के दूसरे चरण में सात अन्य जनपदों की 540 महिलाओं को लगभग ₹4 करोड़ की धनराशि इस महीने के अंत तक भेजी जाएगी। उन्होंने राज्य में महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अन्य कार्यक्रमों का भी जिक्र किया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि इस योजना से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि अन्य लोगों को रोजगार भी प्रदान करेंगी। सचिव चंद्रेश यादव ने योजना की वित्तीय संरचना के बारे में बताया कि अधिकतम ₹2 लाख की परियोजना पर 75 प्रतिशत या ₹1.50 लाख तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर डायरेक्टर बीएल राणा, श्री विक्रम, श्रीमती आरती, श्री मोहित चौधरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से राज्य की लाखों महिलाओं के साहस और आत्मविश्वास को नई दिशा मिलेगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik