ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: December 05, 2025 12:17 PM IST
उत्तराखंड

सीएम धामी ने पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि, याद किया उनके योगदान को

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई क्षेत्र के संस्थापक पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडित शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन परिचय पर आधारित शिलापट्ट का अनावरण किया।

इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने अपने जीवन को देश, समाज और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने पंडित शुक्ल के योगदान का स्मरण करते हुए बताया कि उन्होंने छात्र जीवन से ही राष्ट्र सेवा में भाग लिया। वर्ष 1936 में मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने लाहौर अधिवेशन में द्विराष्ट्रवाद का विरोध किया और बाद में गांधी जी के आदर्शों से प्रेरित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भाग लिया। ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान उन्होंने युवाओं को संगठित कर आंदोलन को नई दिशा दी।

स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी पंडित शुक्ल ने किसानों, स्वतंत्रता सेनानियों और तराई क्षेत्र के विकास को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी दूरदृष्टि के कारण आज रुद्रपुर और तराई क्षेत्र का स्वरूप विकसित हुआ है।

कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया, जैसे:

  • रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण

  • 590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास

  • खटीमा–टनकपुर और गदरपुर–जसपुर को जोड़ने वाली चार लेन सड़कों का निर्माण

  • मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट्स, एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट

  • पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण

  • अरोमा पार्क, प्लास्टिक पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क

उन्होंने कहा कि सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” तराई क्षेत्र को आधुनिक, विकसित और समृद्ध बनाने का है, और पंडित राम सुमेर शुक्ल का स्वप्न इसे साकार करने की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ल ने पंडित शुक्ल के योगदान को याद करते हुए कहा कि एम्स, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और इंडस्ट्रियल स्मार्ट पार्क जैसी परियोजनाएँ तराई क्षेत्र के सुनहरे भविष्य का संकेत हैं।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह, उत्तम दत्ता, मुकेश कुमार, गदरपुर नगरपालिका अध्यक्ष मिंटू गुम्बर, दिनेशपुर नगर पंचायत अध्यक्ष मंजीत कौर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×